बलौदाबाजार। वन विभाग की ‘युवान’ पहल के तहत छुइहा बांध क्षेत्र में पक्षी दर्शन (बर्ड वॉक) कार्यक्रम आयोजित किया गया। पक्षी विशेषज्ञ हेमंत वर्मा के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में प्रकृति प्रेमियों ने विभिन्न पक्षियों को करीब से देखा और उनके व्यवहार को समझा।
सुबह वन कार्यालय से रवाना होकर 10 प्रतिभागियों का दल छुइहा बांध पहुंचा, जहां उन्हें पक्षियों की पहचान के तरीके बताए गए। विशेषज्ञ ने समझाया कि पक्षियों को उनकी आवाज, उड़ान शैली और खान-पान की आदतों से भी पहचाना जा सकता है। साथ ही प्रतिभागियों ने पक्षियों के घोंसलों और उनके प्राकृतिक आवास का अवलोकन किया।
बर्ड वॉक के दौरान करीब 45 प्रजातियों के पक्षियों की पहचान की गई। इनमें जलीय पक्षियों के साथ-साथ कोयल, किंगफिशर, कबूतर, तीतर और अन्य पक्षी शामिल रहे।
कार्यक्रम में 10 लोगों ने भाग लिया। हेमंत वर्मा ने बताया कि यह समय पक्षियों के पलायन की तैयारी का होता है, ऐसे में उनके व्यवहार को समझने का यह उपयुक्त अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘युवान’ पहल का उद्देश्य लोगों में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

