रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की निर्मम हत्या से भारतीय जनता पार्टी की छत्तीसगढ़ इकाई ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पार्टी ने धर्म पूछकर किए गए इस क्रूर नरसंहार की कड़ी निंदा करते हुए अपने सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों को स्थगित करने की घोषणा की है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि गुरुवार को आयोजित होने वाली डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान सभा और विचार गोष्ठी को स्थगित कर दिया गया है। साथ ही, 25 अप्रैल को होने वाला वक्फ बोर्ड सुधार कानून जनजागरण अभियान भी रद्द कर दिया गया है। इन कार्यक्रमों में पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशीथ प्रमाणिक और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम शामिल होने वाले थे।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भी अपने निर्धारित प्रवास और कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। भाजपा नेताओं ने राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी स्व. दिनेश मीरानिया के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने का निर्णय लिया है। मीरानिया की मृत्यु इसी आतंकी हमले में हुई थी।