रायपुर। कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत के पत्रकारों को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा हमलावर हो गई है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने इस बयान को “माफी के लायक नहीं” बताते हुए कड़ी निंदा की है।
चिमनानी ने कहा कि सुप्रिया श्रीनेत का यह बयान न सिर्फ पत्रकारों का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की पत्रकार बिरादरी के प्रति घृणा और नफरत की मानसिकता को भी उजागर करता है। उन्होंने बताया कि रायपुर में प्रेसवार्ता के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि “टीवी चैनलों में बैठने वाले एंकरों की सैलरी उन विज्ञापनों से आती है जो उनकी आवाज दबाने के लिए दिए जाते हैं।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चिमनानी ने कहा, “पत्रकार दिन-रात मेहनत कर खबरें जुटाते हैं, गर्मी हो या बारिश, वो कभी पीछे नहीं हटते। आज भी 44 डिग्री की तपिश में वे कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस कवर करने पहुंचे थे। ऐसे में उनकी मेहनत पर इस तरह का बयान बेहद शर्मनाक और दुखद है।”
भाजपा ने कांग्रेस से इस बयान पर माफी मांगने की मांग की है और कहा है कि यह पत्रकारिता जैसे सम्मानित पेशे का खुला अपमान है।

