बालोद में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भाजपा पार्षद पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। वार्ड की समस्या नहीं सुनने को लेकर तीन युवकों ने पार्षद और उनके दोस्त को रास्ते में रोककर बेरहमी से पीट दिया, जिससे पार्षद को गंभीर चोटें आईं। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक वार्ड क्रमांक 7 टीचर कॉलोनी राजहरा निवासी पार्षद वीरेन्द्र साहू 11 मार्च की रात अपने दोस्त हेमंत नेताम के साथ एक शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान टीचर कॉलोनी ग्राउंड के पास तीन युवकों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों व स्टील के कड़े से मारपीट की। हमले में पार्षद के नाक, आंख और गाल समेत शरीर के कई हिस्सों में चोट आई। आरोपियों ने गमछे से गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।

घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और साइबर सेल की मदद से तीनों आरोपियों को दुर्ग और धमतरी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

You May Also Like

More From Author