रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम 7 जुलाई से 9 जुलाई तक चलेगा, जिसमें पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को बुलाया गया है। खास बात यह है कि इस शिविर में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की भागीदारी भी देखने को मिलेगी।
शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी
प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 7 जुलाई को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे, जबकि 9 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन सत्र को संबोधित करेंगे। दोनों नेता दिल्ली से विशेष रूप से इस कार्यक्रम के लिए मैनपाट पहुंचेंगे।
इन नेताओं का मिलेगा मार्गदर्शन
शिविर के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्मेंद्र प्रधान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत कई वरिष्ठ नेता अपने अनुभव और विचार साझा करेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर को आगामी चुनावों की रणनीति और संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।
तैयारियों का लिया गया जायजा
प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी सिलसिले में मंगलवार को वित्त मंत्री ओपी चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय मैनपाट पहुंचे। उन्होंने आयोजन स्थल और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ बैठक की।
सूत्रों के अनुसार, तीन दिनों के लिए मैनपाट के सभी प्रमुख होटल और रिजॉर्ट पूरी तरह से बुक कर लिए गए हैं। आगंतुक नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिसमें सुरक्षा, भोजन, परिवहन और बैठक की व्यवस्था शामिल है।
6 जुलाई को पहुंचेंगे सांसद-विधायक
भाजपा के सभी सांसद और विधायक 6 जुलाई को मैनपाट पहुंच जाएंगे, जिसके बाद शिविर की शुरुआत होगी। इस प्रशिक्षण शिविर को पार्टी के सांगठनिक ढांचे को और मजबूत करने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह प्रशिक्षण शिविर भाजपा की आगामी रणनीतियों का हिस्सा है, जहां संगठन को ग्रासरूट स्तर तक मजबूत करने और सरकार के विजन को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचाने की दिशा में मार्गदर्शन दिया जाएगा।

