अपनी ही पार्टी की सरकार के खिलाफ ननकीराम कंवर देंगे धरना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है। कंवर ने रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को पत्र लिखकर 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना-प्रदर्शन की अनुमति मांगी है।

कंवर का कहना है कि उन्होंने कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ 14 बिंदुओं पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई कैबिनेट मंत्रियों को शिकायत सौंपी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कलेक्टर को “भ्रष्ट और हिटलरशाही प्रशासक” बताते हुए कहा कि सरकार के कुछ आईएएस अधिकारी मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं और भ्रष्ट अधिकारियों को बचा रहे हैं।

वरिष्ठ नेता की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं

अपने पत्र में कंवर ने लिखा कि जब उनके जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का संज्ञान लिया जाना संदिग्ध हो जाता है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया और कहा कि अब वे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ धरने पर बैठने को बाध्य हैं।

पहले भी चेतावनी दे चुके कंवर

बता दें कि कंवर ने 22 अगस्त को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोरबा कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। उस समय उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो वे शासन-प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करेंगे।

You May Also Like

More From Author