Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

1 मई को भाजपा की बड़ी कार्यशाला, वक्फ बिल पर बनेगी जनजागरण की रणनीति

रायपुर। वक्फ संशोधन कानून को लेकर भारतीय जनता पार्टी अब देशव्यापी जनजागरण अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए सभी राज्यों में कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ में यह बड़ी कार्यशाला अब 1 मई को रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित होगी। पहले यह 25 अप्रैल को प्रस्तावित थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था।

इस कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री पवन साय, सभी मंत्री, सांसद, विधायक, महापौर, जिला अध्यक्ष सहित संगठन से जुड़े तमाम वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सुप्रीम कोर्ट में मामला, लेकिन भाजपा तैयार – जनता को दी जाएगी जानकारी

वक्फ संशोधन विधेयक संसद से पारित हो चुका है और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद यह अब कानून बन गया है। हालांकि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और इसे लेकर कुछ संगठनों द्वारा विरोध भी किया जा रहा है। ऐसे में भाजपा ने तय किया है कि पूरे देश में इस कानून को लेकर जागरूकता फैलाई जाएगी और खासकर मुस्लिम समुदाय को इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी।

कार्यशाला में तय होगी रणनीति

1 मई को सुबह 11 बजे से आयोजित इस कार्यशाला में यह रणनीति बनेगी कि कैसे जिला और मंडल स्तर पर घर-घर जाकर लोगों को इस बिल की जानकारी दी जाए। अभियान की शुरुआत जिला स्तर पर होगी, फिर मंडलों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में राधा मोहन सिंह, मुख्यमंत्री साय, किरण देव, पवन साय, और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके साथ ही वक्फ कानून से जुड़े तथ्यों और फायदे को लेकर संवाद की कार्ययोजना भी बनाई जाएगी।

Exit mobile version