रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के घर पर नगर निगम की कार्रवाई हुई। राजा तालाब के झंडा चौक स्थित आरोपी के मकान को बुलडोजर से ढहा दिया गया। इससे पहले नगर निगम ने मकान से जुड़े दस्तावेज पेश करने के लिए सात दिन का नोटिस जारी किया था।
कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय पार्षद मौके पर मौजूद रहे। पार्षद कैलाश बेहरा ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए। उन्होंने बताया कि लोगों में आरोपी को लेकर भारी आक्रोश है।
बताया गया कि कुछ दिन पहले रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने आरोपी की दुकान और मकान पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आरोपी की दुकान थी, जहां वह चूड़ियां और अन्य सामान बेचता था। आरोप है कि आरोपी ने लालच देकर 9 वर्षीय बच्ची के साथ 7 से 11 जनवरी के बीच कई बार दुष्कर्म किया।

