रायपुर: आज सुबह राजधानी के खम्हारडीह इलाके में अवैध रूप से संचालित ठेले और दुकानों पर बुलडोजर चला। ये दुकानें खम्हारडीह थाने को शिफ्ट करने के लिए प्रस्तावित जमीन पर लगी हुई थीं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में थाना शिफ्टिंग की तैयारी के तहत इन दुकानों को हटाया गया।
इस दौरान रायपुर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
दुकानदारों ने जताई नाराजगी
हालांकि, कई दुकानदारों ने अचानक हुई इस कार्रवाई पर नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि वे कई सालों से यहां अपना व्यवसाय चला रहे हैं और ये दुकानें उनके लिए रोजी-रोटी का जरिया हैं।
तहसीलदार का बयान
तहसीलदार पवन कोसपा ने बताया कि लगभग 10 से 12 अवैध दुकानें हटाई जा रही हैं। दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन उन्होंने दुकानें नहीं हटाईं। उन्होंने आगे कहा कि रायपुर में जहां भी अवैध कब्जे या दुकानें होंगी, वहां ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी।

