रायपुर: छत्तीसगढ़ के नवापारा में राजस्व अमले ने गंज रोड पर बड़ी कार्रवाई की है। अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर चला। सड़कों पर दुकान और ठेले लगाने वाले लोगों को हटाया गया। पूर्व विधायक प्रतिनिधि ने इस दौरान विरोध भी किया जिससे पुलिस के साथ झूमा झटकी भी हुई। उन्होंने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, नवापारा के गंज रोड पर कई दुकानदारों और ठेले वालों ने सड़कों पर अतिक्रमण कर रखा था। जिससे यातायात बाधित हो रहा था। इसके अलावा गंदगी भी फैल रही थी। शिकायतों के बाद आज राजस्व अमला मौके पर पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
इस दौरान पूर्व विधायक प्रतिनिधि और उनके समर्थक मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया और सीधे बुलडोजर चलाकर उनका सामान उठा दिया। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमा झटकी हो गई। पुलिस ने पूर्व विधायक प्रतिनिधि और उनके रिश्तेदारों को शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में हटा दिया।
अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमणकारियों को पहले से ही नोटिस दी गई थी। लेकिन उन्होंने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसलिए यह कार्रवाई की जा रही है।

