धमतरी में धर्मांतरित बुजुर्ग महिला के शव दफनाने को लेकर विवाद, पुलिस ने संभाली स्थिति

धमतरी । जिले के नवागांव-कंडेल में एक धर्मांतरित बुजुर्ग महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। शव दफनाए जाने के दौरान विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, जिससे गांव में तनाव फैल गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को मौके पर हस्तक्षेप करना पड़ा। अंततः महिला के शव को धमतरी स्थित कब्रिस्तान ले जाकर दफनाया गया।

जानकारी के अनुसार, धमतरी ब्लॉक के नवागांव-कंडेल में शनिवार को 85 वर्षीय बुधाबाई साहू के निधन के बाद गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। धर्मांतरण को लेकर ग्रामीणों के बीच मतभेद उभर आए। मृतका के परिजन गांव में ही अंतिम संस्कार करना चाहते थे, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। ग्रामीणों का कहना था कि मृतका का बेटा बीते कुछ वर्षों से दूसरे धर्म से जुड़ा हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया, जिससे तनाव और बढ़ गया। इसके बाद अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद स्थिति को शांत किया गया और आपसी सहमति से शव को धमतरी ले जाकर दूसरे धर्म के कब्रिस्तान में दफनाने की प्रक्रिया पूरी की गई।

You May Also Like

More From Author