रायपुर। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (CAF) भर्ती 2018 की वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों ने एक बार फिर नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी हुए कई वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक वेटिंग लिस्ट क्लियर नहीं की गई, जिससे उनका भविष्य अनिश्चित बना हुआ है।
वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी 22 दिसंबर से धरने पर बैठे हैं। शासन-प्रशासन को कई बार ज्ञापन देने और अधिकारियों से मुलाकात के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नियमानुसार उन्हें अब तक नियुक्ति मिल जानी चाहिए थी।
धरने में अभ्यर्थियों के साथ उनके परिजन भी शामिल हैं। परिवारजनों ने लंबे इंतजार के कारण बढ़ रहे मानसिक और आर्थिक दबाव की बात कही। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि सरकार जल्द वेटिंग लिस्ट क्लियर कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे, ताकि वर्षों से चले आ रहे इंतजार का समाधान हो सके।

