महासमुंद। नशे के अवैध कारोबार में तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उनकी योजनाएं नाकाम हो रही हैं। ऐसा ही एक मामला महासमुंद जिले में सामने आया है, जहां कटहल से भरे पिकअप वाहन में छिपाकर गांजा की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 62 लाख रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, सिंघोडा थाना पुलिस रेहटीखोल जांच नाका पर नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। वाहन में बड़ी मात्रा में कटहल लदा हुआ था, लेकिन पुलिस को शक होने पर गहन जांच की गई।
तलाशी के दौरान कटहल के पीछे छिपाकर रखा गया 125.700 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 62 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के बलांगीर जिले से गांजा खरीदकर प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) ले जा रहे थे, जहां इसकी बिक्री की जानी थी। पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया है।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

