Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CBI का बड़ा एक्शन: मेडिकल कॉलेज की मान्यता के बदले रिश्वत लेते पकड़े गए 6 आरोपी, तीन डॉक्टर शामिल

रायपुर। मेडिकल कॉलेजों में मान्यता दिलाने के नाम पर रिश्वतखोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। सीबीआई ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और दिल्ली समेत कुल 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी करते हुए बड़ा एक्शन लिया है। इस कार्रवाई के तहत छत्तीसगढ़ में तीन डॉक्टरों सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, ये गिरफ्तारी मेडिकल कॉलेजों की मान्यता प्रक्रिया को प्रभावित करने और अनुकूल रिपोर्ट तैयार करने के एवज में मोटी रकम वसूलने के आरोप में की गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों में डॉ. अशोक डी. शेल्के, डॉ. मंजप्पा और चित्रा मदनहल्ली के नाम शामिल हैं। आरोप है कि इन्होंने निरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए कई रणनीतियों का इस्तेमाल किया और रिश्वत लेकर नियमों को ताक पर रखा।

सीबीआई ने श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च, नवा रायपुर (छत्तीसगढ़) के पदाधिकारियों, निरीक्षण कर रहे डॉक्टरों और अन्य बिचौलियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि संस्थान की मान्यता के लिए जरूरी वैधानिक निरीक्षण में अनियमितता बरती गई और रिपोर्ट को प्रभावित करने के लिए घूस दी गई।

सीबीआई को इस पूरे मामले की गुप्त सूचना मिली थी कि संस्थान के अधिकारी निरीक्षण करने वाले मेडिकल काउंसिल के आकलनकर्ताओं को प्रभावित कर रहे हैं। इसके बाद एजेंसी ने योजना बनाकर जाल बिछाया और रिश्वत लेते समय सभी छह आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों को 2 जुलाई को सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Exit mobile version