रायपुर। रायपुर रेल मंडल के भिलाई स्थित चरोदा पीपी यार्ड में रिश्वतखोरी के मामले में CBI ने कार्रवाई करते हुए रेलवे अधिकारी अनमोल उइके और दीपक वर्मा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों को शुक्रवार को CBI की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 4 दिन की CBI रिमांड पर भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, 86 लाख रुपये का बिल पास कराने के एवज में 1 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी। दीपक वर्मा पर बिचौलिये की भूमिका निभाने का आरोप है। शिकायत के बाद दिल्ली से पहुंची CBI टीम ने भिलाई में ट्रैप कार्रवाई की।
CBI ने आरोपियों के ठिकानों और कार्यालय से दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। अब बिल भुगतान प्रक्रिया और संभावित अन्य लेन-देन की जांच की जा रही है। अधिकारियों से पूछताछ में मामले से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।

