रायपुर। छत्तीसगढ़ में इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-22 में प्रस्तावित कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) परियोजना के लिए 22.50 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी करने की मंजूरी दी है। यह राशि माडिफाइड इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर्स (EMC 2.0) योजना के तहत प्रदान की गई है।
इस परियोजना का क्रियान्वयन नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) द्वारा किया जाएगा, जबकि इसके मूल्यांकन और निगरानी की जिम्मेदारी सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) को सौंपी गई है। एसटीपीआई ने ही परियोजना के लिए पहली किस्त जारी करने की अनुशंसा की थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्र सरकार के इस निर्णय को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास और तकनीकी आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ के विजन को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तेजी से आगे बढ़ रहा है। नवा रायपुर को एक अत्याधुनिक औद्योगिक और तकनीकी शहर के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ईएमसी 2.0 योजना के तहत स्थापित होने वाला यह कॉमन फैसिलिटी सेंटर न केवल निवेशकों का भरोसा बढ़ाएगा, बल्कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को मजबूत आधार भी प्रदान करेगा। उन्होंने इस सहयोग के लिए केंद्र सरकार और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।

