रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज सातवां दिन है, जिसमें सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान मुख्यमंत्री और मंत्री विधायकों के सवालों का जवाब देंगे, वहीं ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा की जाएगी।
प्रश्नकाल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री केदार कश्यप और टंक राम वर्मा सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं विधायक अजय चंद्राकर, धर्मजीत सिंह और धरमलाल कौशिक स्मार्ट सिटी से जुड़े मुद्दों को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पेश करेंगे।
इसके अलावा विधायक द्वारकाधीश यादव सिरपुर महोत्सव के आय-व्यय को लेकर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाएंगे। सदन में सभापति अमर अग्रवाल विभिन्न प्रतिवेदनों की प्रस्तुति करेंगे, जबकि विधायक शेषराज हरवंश, अंबिका मरकाम और संदीप साहू याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे।
सत्र के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा, मंत्री दयाल दास बघेल और मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों की अनुदान मांगों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।