Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG बोर्ड पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी वेणु जंघेल बिलासपुर से गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिंदी परीक्षा पेपर लीक मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी Venu Janghel को रायपुर क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 12वीं हिंदी विषय का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने साइबर तकनीक की मदद से मोबाइल चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों और फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन की जांच की। इस दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश कर रहा था।

लगभग 50 से अधिक छात्रों और अन्य लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी छात्रों से पेपर उपलब्ध कराने के बदले करीब 3000 रुपये तक वसूलता था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार फरार था, जिस पर पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम भी घोषित किया था।

तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पेपर लीक नेटवर्क, अन्य संलिप्त लोगों और आर्थिक लेन-देन से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Exit mobile version