रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत के साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि उनकी सरकार के आंकड़ों को कॉपी-पेस्ट कर राज्यपाल का अभिभाषण तैयार किया गया। वहीं, भाजपा विधायक राजेश मूणत ने पलटवार करते हुए कहा कि अभिभाषण में सरकार के एक साल के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां शामिल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अभिभाषण में कोई नई बात नहीं है, केवल पिछली कांग्रेस सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया गया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने 18 लाख आवास देने का फैसला किया था, लेकिन मौजूदा सरकार ने अभी तक कितने लोगों को चाबी दी, यह स्पष्ट नहीं किया। उन्होंने पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत के दावे को झूठा बताते हुए कहा कि प्रशासनिक दबाव में हेरफेर कर विजयी प्रत्याशियों को पराजित घोषित किया जा रहा है।
बीजेपी का पलटवार: कांग्रेस ने छीने थे गरीबों के अधिकार
पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों पर भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि वर्तमान सरकार ने अपने एक साल में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनमें गरीब परिवारों को 18 लाख आवास देने की योजना शामिल है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने गरीबों के अधिकार छीने थे, जबकि बीजेपी सरकार ने शपथ लेते ही मकान का हक दिया। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खाते में ₹1000 पहुंच रहा है, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है।
बस्तर में विकास और शांति की ओर बढ़ता कदम
राजेश मूणत ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सुनिश्चित किया गया है और राज्यभर में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। बस्तर क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर खेल आयोजन किया गया है, जिससे वहां के युवाओं को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाल हो रही है और सरकार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कांग्रेस को अपनी गलतियों की समीक्षा करनी चाहिए
भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके एक पूर्व मंत्री खुद मान चुके हैं कि वे अनपढ़ थे और अधिकारियों के कहने पर साइन कर देते थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई विजन या ठोस योजना नहीं थी, उनका एकमात्र उद्देश्य जनता को लूटना था। वहीं, भाजपा सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है और जनता को सीधा लाभ पहुंचा रही है।