रायपुर। राजधानी में साइबर ठगों ने खुद को कारोबारी बताकर एक वकील से 55 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपियों ने वाट्सएप के जरिए झांसा देकर यूपीआई के माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई। कुछ घंटों में पैसे लौटाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन ट्रांजेक्शन के बाद भेजा गया मैसेज डिलीवर नहीं हुआ। बाद में असली नंबर पर संपर्क करने पर ठगी का खुलासा हुआ। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार शंकर नगर सेक्टर-02, दुर्गा मैदान के पास रहने वाले और पेशे से वकील विजय कुमार दास को 8 जनवरी की शाम करीब 4:15 बजे वाट्सएप पर 55 हजार रुपये भेजने का मैसेज मिला। मैसेज भेजने वाले ने खुद को उनका परिचित नवकार ज्वेलर्स बताते हुए कहा कि उसका यूपीआई फिलहाल काम नहीं कर रहा है और वह दो घंटे में रकम वापस कर देगा। परिचित नाम देखकर भरोसा करते हुए विजय कुमार दास ने यूनियन बैंक पंडरी स्थित अपने खाते से फोन-पे के जरिए बताए गए यूपीआई आईडी पर 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रकम भेजने के बाद उन्होंने भुगतान का स्क्रीनशॉट वाट्सएप पर भेजा, लेकिन मैसेज डिलीवर नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने नवकार ज्वेलर्स के वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। कुछ देर बाद जवाब मिला कि उनका वाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और उन्होंने किसी से भी पैसे नहीं मांगे हैं। इसके बाद वकील को ठगी का एहसास हुआ।
ठगों ने नवकार ज्वेलर्स का वाट्सएप अकाउंट हैक कर उसके नाम से संदेश भेजते हुए 55 हजार रुपये की ठगी को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।