Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG Nikay Chunav 2025: भाजपा की प्रचंड जीत, लोरमी में डिप्टी सीएम अरुण साव ने कार्यकर्ताओं संग मनाया जश्न

रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव 2025 की मतगणना जारी है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कई निकायों में जीत दर्ज कर चुकी है। खास बात यह है कि सभी 10 नगर निगमों में भी भाजपा ने जीत हासिल कर ली है। इस शानदार प्रदर्शन के बाद प्रदेशभर में जश्न का माहौल है। लोरमी भाजपा इकाई भी विजय उत्सव में डूबी हुई है, जहां डिप्टी सीएम और लोरमी विधायक अरुण साव कार्यकर्ताओं के साथ जमकर झूमते नजर आए।

लोरमी नगर पालिका में भाजपा प्रत्याशी सुजीत वर्मा की जीत

मुंगेली जिले के लोरमी नगर पालिका में भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी सुजीत वर्मा ने 2,456 मतों से जीत दर्ज की। इस मुकाबले में कांग्रेस के अनिल दास को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव प्रचार के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव लगातार भाजपा के पक्ष में प्रचार करते नजर आए, जिसका असर नतीजों में साफ दिखा।

नगर पंचायत से नगर पालिका बना लोरमी

अरुण साव के डिप्टी सीएम बनने के बाद लोरमी नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिया गया। इस बार नगर पालिका क्षेत्र में 18 वार्डों में चुनाव हुआ, जिसमें भाजपा ने 11 पार्षद पदों पर जीत दर्ज की, जबकि 6 कांग्रेस और 1 निर्दलीय प्रत्याशी सफल हुए। इनमें से 2 भाजपा पार्षद मतदान से पहले ही निर्विरोध चुने गए थे।

भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेशभर में जश्न

प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ता जीत का जश्न मना रहे हैं। 49 नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष और पार्षदों का चुनाव हुआ, जिनमें बीजापुर, किरंदुल, दंतेवाड़ा, कांकेर, महासमुंद, कवर्धा, तखतपुर, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुरनगर सहित कई नगरपालिकाएं शामिल हैं।

Exit mobile version