रायपुर। छत्तीसगढ़ में सावन के अंतिम सोमवार को मानसून सक्रिय रहा। राजधानी रायपुर में दिनभर बारिश हुई और 12 सेमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश छोटेडोंगर में 18 सेमी, अंतागढ़ और बास्तानार में 16-16 सेमी दर्ज हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। रायपुर में सुबह धूप के बावजूद बादल छाने और बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।

