रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। बुधवार को राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं प्रदेश में अब तक सामान्य से 30 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और शाम के समय गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।:::

