रायपुर। छत्तीसगढ़ में बदली और बारिश का असर कम होने के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ने लगी है। सोमवार को राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। रायपुर के अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक इजाफा हो सकता है। मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहने और गर्मी बढ़ने की संभावना जताई गई है।
सोमवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। दंतेवाड़ा जिले के दोपनापाल में 1 सेंटीमीटर वर्षा हुई। वहीं, राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है, जो अगले 48 घंटों में और मजबूत हो सकता है।
इसके अलावा उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है।
मौसम विभाग ने 12 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है, जबकि 13 मई को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत भी दिए गए हैं।
रायपुर शहर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

