Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, उत्तर इलाकों में बारिश और तापमान गिरने के आसार

CG Weather Update | रायपुर . छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नजर आ रही है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड की हल्की वापसी की संभावना जताई है, लेकिन इसका असर पहले जैसा तीव्र नहीं होगा।

बुधवार को मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बादल गरजने की संभावना जताई है। आज कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने के भी संकेत हैं। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों के बाद तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में मौसम सामान्य बने रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग और उससे लगे बिलासपुर संभाग के एक-दो जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में 28 और 29 जनवरी को तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम की वर्तमान स्थिति

वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पछुआ हवाओं की द्रोणिका फैली हुई है।

पूर्वोत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम भी प्रभावी बनी हुई है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 28 जनवरी को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा और मेघगर्जन की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आगामी तीन दिनों में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट संभव है। वहीं मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर बना रहने की संभावना है।

Exit mobile version