Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG Weather Update: रविवार को बदल सकता है छत्तीसगढ़ का मौसम, कई इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। अगर आप रविवार को घूमने या बाहर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें। छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। तेज धूप और गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है, क्योंकि रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम में इस बदलाव का असर आने वाले दिनों में तापमान पर भी पड़ सकता है और अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर में रविवार को मौसम सामान्य और घूमने-फिरने के लिए अनुकूल रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के मध्य भाग से दक्षिण आंतरिक ओडिशा तक छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में मध्य क्षोभमंडल में करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर 60 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है।

इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। खासतौर पर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक देखने को मिल सकती हैं, जबकि उत्तर में सरगुजा संभाग के जिलों में भी मौसम प्रभावित होने की संभावना है।

Exit mobile version