CG Weather Update : रायपुर। प्रदेश में शुष्क हवा की वापसी के साथ ही बीते 24 घंटे में ठंड का असर तेज हो गया है। ठंड का सबसे अधिक प्रभाव मध्य छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। रायपुर और माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक ठंड का प्रभाव अधिक रहेगा, इसके बाद सप्ताहभर धीरे-धीरे इसमें कमी आने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के उत्तरी इलाकों में भी ठंड का जोर बढ़ गया है। कई क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 1 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे रात में शीतलहर और सुबह धुंध का असर रहा। कड़ाके की ठंड के कारण दिन की धूप भी राहत नहीं दे पा रही है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद लौटी ठंडी हवाओं का असर रायपुर और दुर्ग जिलों में ज्यादा देखने को मिला है।
मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तरी छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं अगले दो दिनों तक मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने के आसार बने हुए हैं।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद 15 जनवरी तक न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड के असर में भी कमी आने की संभावना है।

