Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG Weather Update: 15 जनवरी के बाद छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ेगी ठंड, उत्तरी इलाकों में पारा लुढ़का

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

CG Weather Update : रायपुर.छत्तीसगढ़ के सभी इलाकों में मंगलवार को मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से नमी युक्त हवाओं के चलते अगले तीन दिनों तक मौसम में ठहराव की स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद हवा की दिशा में बदलाव होने से प्रदेश में एक बार फिर तापमान गिरने का दौर शुरू हो सकता है।

प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। खासकर बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं दक्षिणी क्षेत्रों में दंतेवाड़ा और बस्तर में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में फिलहाल सर्द हवाओं से राहत बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 जनवरी के बाद पूरे प्रदेश में एक बार फिर ठंड का असर बढ़ेगा। पिछले चौबीस घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान दुर्ग में 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सीमावर्ती इलाकों में ठंड तेज बनी हुई है, हालांकि पाला पड़ने की स्थिति में फिलहाल कुछ राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। न तो तापमान में बड़ी गिरावट होगी और न ही तेज बढ़ोतरी। इसके बाद हवाओं की दिशा बदलने से ठंड की वापसी के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बुधवार को राजधानी रायपुर में सुबह धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। इस दौरान तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

Exit mobile version