CG Weather Update: आने वाले दिनों में ठंड स्थिर, तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं

CG Weather Update:रायपुर। आने वाली नमी के असर से अगले तीन से चार दिनों तक रात के तापमान में गिरावट की रफ्तार थम सकती है। इससे प्रदेश में महसूस हो रही ठंड में खास कमी नहीं आएगी। पिछले दो दिनों से सरगुजा संभाग में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तंत्र श्रीलंका तट के पास सक्रिय है, इसलिए उसका प्रभाव छत्तीसगढ़ पर नगण्य रहा।

उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई शहरों में न्यूनतम तापमान में लगभग 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे शीतलहर का प्रभाव थोड़ा कम हुआ है। हालांकि सीमावर्ती इलाकों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक पहुंचने से रात में ठिठुरन बनी हुई है और सुबह कई जगह ओस जमने लगी है।

राजधानी रायपुर में भी बीती तीन रातों से गर्माहट पूरी तरह गायब है और तापमान में लगभग 3 डिग्री की गिरावट आई है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी ठंड महसूस हो रही है, जबकि माना जैसे बाहरी इलाकों में लोग तीखी ठंड से कांप रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बढ़ती ठंड अब स्थिर होने की संभावना है। हवा की दिशा में हल्का बदलाव जरूर होगा, लेकिन ठंड में कमी आने के संकेत नहीं हैं।

नवंबर में ठंड के दो दौर

मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि नवंबर में दो बार ठंड का असर दिखा। महीने के पहले सप्ताह में मौसम में बदलाव आया जो लगभग दस दिनों तक जारी रहा। बीच में ठंड कम हुई, लेकिन पिछले दो दिनों से दुबारा वापसी हुई है। अब तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दिसंबर के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है। दिसंबर और जनवरी को प्रदेश में ठंड का पीक माना जाता है।

You May Also Like

More From Author