CG Weather Update : रायपुर। दिसंबर के बाद जनवरी में भी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड जारी रहने वाली है। मकर संक्रांति से पहले तक सर्द रातों से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के आसार हैं, हालांकि 24 से 48 घंटे बाद मिलने वाली राहत खास नहीं होगी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ जिलों में शीतलहर का असर देखा गया। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
इन जिलों में अलर्ट
9 जनवरी तक सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, रायपुर, बलोदाबाजार, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, बालोद, कबीरधाम, मोहल्ला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बेमेतरा के एक-दो इलाकों में शीतलहर की आशंका है। 10 जनवरी को दुर्ग में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी में धुंध के आसार
गुरुवार को दुर्ग में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री और न्यूनतम 12.4 डिग्री रहा। राजधानी में आज धुंध छाए रहने की संभावना है।