Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मकर संक्रांति के बाद बढ़ी धूप की तपिश, ठंड का असर होगा धीरे-धीरे कम

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

CG Weather Update : रायपुर। मकर संक्रांति के बाद दिन की लंबाई बढ़ने के साथ ही धूप की तपिश महसूस होने लगी है। हालांकि ठंड का असर अब भी रात और सुबह के समय बना रहेगा। इस सप्ताह तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से ठंड का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है।

आसमान साफ होने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और राज्य में अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार जनवरी के पहले और दूसरे सप्ताह जैसी कड़ाके की ठंड की वापसी की संभावना अब कम है और ठंड धीरे-धीरे सिमटने लगेगी। पहले जहां शाम साढ़े पांच बजे ही अंधेरा होने लगता था, अब छह बजे के बाद दिन ढल रहा है और आगे इसमें और बढ़ोतरी होगी। 14 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद सूर्य के उत्तरायण होने से दिन बड़े होने लगे हैं, जिसका असर कुछ ही दिनों में नजर आने लगा है।

रविवार को दोपहर तेज धूप महसूस की गई और रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक होकर 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि रात में रायपुर, दुर्ग और माना के कई इलाकों में शीतलहर जैसी ठंड महसूस हुई।

अगले 24 घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से न्यूनतम तापमान बढ़ सकता है, जिससे 26 जनवरी तक ठंड का असर कम हो सकता है।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि इस सीजन में माना क्षेत्र में 15 वर्षों में पहली बार ठंड का सबसे अधिक प्रभाव देखा गया। वहीं मैनपाट, बलरामपुर, जशपुर और सीमावर्ती इलाकों में रात का तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया था। आने वाले दिनों में ठंड का असर पहले रिहायशी इलाकों में कम होगा, जबकि खुले और आउटर क्षेत्रों में इसका प्रभाव कुछ समय तक महसूस होता रहेगा।

Exit mobile version