रायपुर। छत्तीसगढ़ में गहरे अवदाब के प्रभाव से मानसून सक्रिय है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि, अब तक प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर तटीय ओडिशा और गंगेटिक पश्चिम बंगाल के पास बना गहरा अवदाब अगले 24 घंटों में उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ सकता है, जिससे बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी।
प्रदेश में सबसे अधिक 11 सेमी बारिश चांपा में दर्ज की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेमी, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 5 सेमी बारिश हुई। मंगलवार को शहर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, बेमेतरा और मुंगेली जिलों के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर समेत कई अन्य जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।

