CG Weather Update | रायपुरछत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का असर बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ और सरगुजा संभाग में सुबह के समय दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है।
हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
कई जिलों में घना कोहरा
मौसम विभाग के मुताबिक, 22 दिसंबर को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरबा, रायगढ़, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और मुंगेली जिलों में मध्यम कोहरा रहने की संभावना है।
इसके अलावा 23 दिसंबर तक भी मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में घना कोहरा बने रहने के आसार हैं।
राजधानी रायपुर में 22 दिसंबर को सुबह के समय कुहासा रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

