रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले तीन दिनों से मानसून पूरी तरह सक्रिय है। बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। भारी वर्षा के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर बने अवदाब के कारण प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि, 8 जुलाई के बाद वर्षा की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में राजिम में 19 सेमी, दुर्ग में 18 सेमी, छुरा में 16 सेमी, रायपुर शहर, राजनांदगांव और पाटन में 15-15 सेमी तथा गोबरा नवापारा और माना में 14-14 सेमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कई अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में सोमवार को भी दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, महासमुंद, गरियाबंद, राजनांदगांव, धमतरी, बिलासपुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, कबीरधाम, मुंगेली समेत कई जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

