CG Weather Update : रायपुर। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण छत्तीसगढ़ में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राज्य में अब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। फिलहाल तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, लेकिन अब ठंड में बड़ी गिरावट की संभावना काफी कम मानी जा रही है। हालांकि माना और दुर्ग में न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है।
ठंड के अंतिम चरण में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। बीते 24 घंटे में अंबिकापुर राज्य का सबसे कम तापमान वाला क्षेत्र रहा, जहां न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। माना और दुर्ग को छोड़कर प्रदेश के किसी भी अन्य मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान काफी नीचे नहीं गया। वहीं दिन के समय प्रदेश में 28 से 32 डिग्री सेल्सियस तक गर्मी महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी तीसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि हल्की ठंड का असर बना रह सकता है। अगले दो दिनों में अधिकतम 2 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में गिरावट हो सकती है, इसके बाद तापमान में फिर से करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी के आसार हैं। इस दौरान मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय हल्की धुंध छाई रह सकती है। दिन में अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।