Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में मानसून का कहर जारी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट; अगले 5 दिन भारी बारिश के आसार

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय है। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। तापमान में गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, हालांकि कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने का अनुमान जताया है।

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। रायगढ़ में सर्वाधिक 13 सेमी, पेंड्रा में 12 सेमी तथा पुसौर और तमनार में 10-10 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। धमतरी सहित कई जिलों में लगातार बारिश के चलते बांधों का जलस्तर बढ़ गया है और प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 25°C रहने की संभावना है।

विभिन्न सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की आशंका है। इसे देखते हुए बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, धमतरी, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, सरगुजा समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई अन्य जिलों में बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

Exit mobile version