रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी बनी हुई है, जिससे प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि मौसम विभाग ने 13 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है। अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

