रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कुछ जिलों में बारिश हो रही है, जबकि कई इलाकों में उमस और गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग ने 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटों में सक्ती, कोंटा, तिल्दा, मुंगेली सहित कई क्षेत्रों में 2 से 3 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
राजधानी रायपुर में आज दिनभर बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



