रायपुर। राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। मौसम विभाग ने इसे प्री-मानसून गतिविधि बताया है। विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है, जिसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि मंगलवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 11 जून से मौसम की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान बस्तर जिले के तोकापाल में 1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका के प्रभाव से बारिश की परिस्थितियां बन रही हैं। राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। शहर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

