रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। मंगलवार सुबह राजधानी रायपुर में बूंदाबांदी हुई और आसमान में घने बादल छाए रहे। अगले 24 घंटों के दौरान भी खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का अधिक प्रभाव रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि भारी बारिश कुछ चुनिंदा इलाकों तक सीमित रह सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बारिश की तीव्रता में कमी आ सकती है। इसके बाद बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने की संभावना है, जिससे प्रदेश में फिर अच्छी बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटों में प्रतापपुर में 11 सेमी, लवन और बलौदाबाजार में 7-7 सेमी, मनोरा में 6 सेमी तथा दरगी, ओडगी, पलारी और माना में 5 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली जिलों में तेज हवाओं (60 किमी/घंटा), आकाशीय बिजली और बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं बस्तर संभाग सहित धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कबीरधाम, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

