Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CG Weather Update: पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ा तापमान, ठंड से कुछ दिनों की राहत

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

CG Weather Update : रायपुर।पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में नमी बढ़ने लगी है, जिसका असर अब दिन के साथ-साथ रात के तापमान पर भी दिख रहा है। बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 से 7 दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होने की संभावना है, हालांकि ठंड का प्रभाव फिलहाल बना रहेगा।

शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, माना में 12 डिग्री और रायपुर में 13 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं दुर्ग और पेंड्रा में पारा क्रमशः 9.5 और 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जनवरी के महीने में जारी कड़ाके की ठंड से फिलहाल कुछ दिनों की राहत मिलने के आसार हैं। नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है। खासकर प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर 5 से 6 दिनों तक बना रह सकता है, जिससे पारा और ऊपर जा सकता है।

रविवार को आसमान साफ रहने के कारण दिन में धूप का असर देखने को मिला और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान अभी भी 5 डिग्री से नीचे बना हुआ है, इसलिए वहां ठंड का असर ज्यादा कम नहीं होगा, हालांकि पाले और शीतलहर से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद ठंड के दोबारा लौटने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।

रायपुर में आज का मौसम

12 जनवरी को राजधानी रायपुर में धुंध छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

Exit mobile version