अमृत मित्र महोत्सव: छत्तीसगढ़ की जल योद्धाओं ने दिल्ली में साझा किए अनुभव

रायपुर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अमृत मित्र महोत्सव में छत्तीसगढ़ की जल योद्धाओं ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में बिलासपुर नगर निगम की रुक्मिणी गोस्वामी और लोरमी की हेमलता खत्री ने केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल की मौजूदगी में देशभर से आई करीब 1000 अमृत मित्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए।

अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (AMRUT 2.0) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की 75 महिलाओं ने हिस्सा लिया। ये महिलाएं वृक्षारोपण, जल गुणवत्ता परीक्षण, जल संरचनाओं के संचालन और सामुदायिक जल संरक्षण जैसे कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस उपलब्धि पर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं द्वारा अपने कार्यों को प्रस्तुत करना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि ‘वीमेन फॉर ट्री’ अभियान के माध्यम से महिलाओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आजीविका के अवसर भी मिल रहे हैं।

You May Also Like

More From Author