रायपुर। छत्तीसगढ़ में D.El.Ed द्वितीय वर्ष और CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की तिथियां एक-दूसरे से टकराने के कारण अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 8 जून 2026 को D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा आयोजित की जानी है, जबकि CGPSC मुख्य परीक्षा 6 से 9 जून 2026 तक चलेगी। ऐसे में कई अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में एक साथ शामिल नहीं हो पाएंगे।
अभ्यर्थियों का कहना है कि CGPSC मुख्य परीक्षा उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, वहीं अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित शिक्षक भर्ती में शामिल होने के लिए D.El.Ed परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य है। परीक्षा तिथियों के टकराव से उन्हें भविष्य को लेकर चिंता सताने लगी है।
इस समस्या को लेकर प्रभावित अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका आग्रह है कि 8 जून को प्रस्तावित D.El.Ed द्वितीय वर्ष की परीक्षा को स्थगित कर CGPSC मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद आयोजित किया जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान न हो।
हालांकि, इस मामले में अभी तक शिक्षा विभाग या माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है। वहीं सूत्रों के अनुसार, अभ्यर्थियों के आवेदन पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव रेणु पिल्ले ने परीक्षा तिथि बदलने से इनकार कर दिया है। इससे अभ्यर्थियों की परेशानी और बढ़ गई है।


