रायपुर नगर निगम ने राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए कड़ा रुख अपनाना शुरू कर दिया है। आज नगर निगम जोन क्रमांक 10 स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गंदगी फैलाने से संबंधित जनशिकायत मिलने पर अमलीडीह मुख्य मार्ग के किनारे की दुकानों पर छापामार अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों के बाहर गंदगी पाई गई, जिस पर दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया।
जोन 10 जोन कमिश्नर रमेश जायसवाल के नेतृत्व और जोन स्वास्थ्य अधिकारी पूरन तांड़ी की मौजूदगी में महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं और जोन 10 के स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने दुकानों की सफाई का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी फैलाने और दुकानों में डस्टबिन नहीं रखने से संबंधित प्राप्त जनशिकायत सही मिली।
इस पर जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने 15 दुकानदारों पर कुल 1850 रुपये का जुर्माना कर उन्हें भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी देते हुए वसूला।
यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और जो लोग शहर में गंदगी फैलाएंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

