जिला अस्पताल में बवाल, महिला डॉक्टरों और स्टाफ से मारपीट, 4 पर FIR

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल में शनिवार रात सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को लेकर पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों और साथ आए लोगों ने ऑन ड्यूटी महिला डॉक्टरों, स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मरवाही के भर्रीडांड़ निवासी तीन घायल मरीजों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें एक की मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य शराब के नशे में थे। उनके साथ आए अटेंडर भी नशे की हालत में थे और महिला डॉक्टरों से अभद्रता करने लगे। महिला डॉक्टरों ने मरीजों की हालत स्थिर बताई, इसके बावजूद हंगामा किया गया।

घटना से डरी महिला डॉक्टरों ने काम करने से इनकार करते हुए पुलिस में शिकायत की है। सिविल सर्जन देवेंद्र पैकरा ने बदतमीजी और मारपीट की पुष्टि की। वहीं SDOP श्याम सिदार ने बताया कि मामले में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।

You May Also Like

More From Author