Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामले: चार्टर्ड अकाउंटेंट और ठेकेदार बने शिकार

रायपुर: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हाल ही में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और एक ठेकेदार को करोड़ों रुपये का चूना लगा है। आरोपी शेयर मार्केट में दोगुना मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।

चार्टर्ड अकाउंटेंट से 1.39 करोड़ की ठगी:

पहली घटना में जीवन विहार कॉलोनी निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट नवीन कुमार से 1 करोड़ 39 लाख 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। नवीन कुमार को ऋतु वोहरा और मधु शाह नाम की दो महिलाओं ने फोन किया और खुद को SMC Global Security की प्रतिनिधि बताया। उन्होंने नवीन कुमार को शेयर मार्केट में निवेश करके अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया। इस दौरान ग्रुप संचालक अजय गर्ग, मधु शाह, और सुखविंदर सिंह समेत चार लोगों ने नवीन कुमार को व्हाट्सएप के जरिए चैट किया और उन्हें निवेश के लिए झांसे में लिया। नवीन कुमार ने इनके झांसे में आकर अलग-अलग माध्यमों से 1.39 करोड़ रुपये जमा कर दिए, लेकिन उन्हें पूरी राशि वापस नहीं मिली। इसके बाद नवीन कुमार ने साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।

ठेकेदार से 27 लाख की ठगी:

दूसरी घटना में ऐश्वर्या एंपायर निवासी ठेकेदार निशांत जैन के साथ 27 लाख 60 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। निशांत जैन को 16 अगस्त को आयुषी पोखरियाल नाम की महिला ने खुद को SMC Global Securities की कर्मचारी बताकर संपर्क किया और शेयर बाजार में निवेश करके दोगुना मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया। उसने निशांत जैन को SMC Global Security 12 और VIP 201 ग्रुप में जुड़वाकर SMC pro एप डाउनलोड करवा कर सेबी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और अकाउंट की जानकारी दी। जिस पर ठेकेदार ने मुनाफा होने का भरोसा कर RTGS के माध्यम से कुल 29 लाख 60 हजार रुपये की ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिया। जिस पर 2 लाख रुपये निकाल कर कुल 27 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर पैसे वापस नहीं किए गए। जब निशांत जैन ने संबंधित कंपनी के कस्टमर केयर से संपर्क किया, तो उससे 1 करोड़ रुपये की मांग की गई। ठगी का महसूस होने के बाद निशांत जैन ने थाना पहुंचकर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई।

पुलिस जांच में जुटी:

इन दोनों मामलों में तेलीबांधा थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि ऑनलाइन ठगी की दो अलग-अलग शिकायतें मिली हैं। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर अज्ञात ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस की तकनीकी टीम मामले की जांच में जुट गई है। शातिर ठगों का मोबाइल नंबर समेत अन्य सबूतों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version