अभनपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, तीन राइस मिलों से जब्त 525 क्विंटल धान

अभनपुर। धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन राइस मिलों से कुल 525 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर खाद्य विभाग और मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने अचानक छापेमारी कर तीन राइस मिलों में छुपाए गए अवैध धान का भंडाफोड़ किया।

कार्रवाई में सतनाम इंडस्ट्रीज, पारागांव से 212.80 क्विंटल, श्री मोहिनी एग्रोटेक, नवापारा से 244.80 क्विंटल और आदर्श राइस मिल, अभनपुर से 68 क्विंटल अतिरिक्त धान जब्त किया गया। टीम ने मौके पर ही मंडी अधिनियम के तहत धान को जब्त कर सुपुर्दगी की प्रक्रिया पूरी की।

प्रशासन की इस कार्रवाई से राइस मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि अब अवैध भंडारण, परिवहन और धान की होल्डिंग करने वालों के खिलाफ बिना किसी चेतावनी के सीधे कार्रवाई की जाएगी, और मिल संचालकों पर आगे और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।

You May Also Like

More From Author