रायपुर। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं ने एक बार फिर प्रदेश का नाम रोशन किया है। फरवरी 2026 में होने वाले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ के लिए छत्तीसगढ़ राज्य दल की घोषणा कर दी गई है। इस सूची में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर और बिलासपुर में संचालित खेल अकादमियों के 32 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ को खेलो इंडिया नेशनल गेम्स 2026 की मेजबानी का गौरव भी प्राप्त हुआ है। ट्राइबल गेम्स के अंतर्गत कुश्ती, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, तीरंदाजी और तैराकी की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि कबड्डी और मलखम्ब को प्रदर्शनी खेलों के रूप में शामिल किया गया है।
राज्य स्तरीय चयन ट्रायल 6 से 8 जनवरी के बीच रायपुर और बिलासपुर में आयोजित किए गए थे, जिनमें अनुसूचित जनजाति वर्ग के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
रायपुर अकादमी से 11 खिलाड़ी चयनित हुए हैं, जिनमें फुटबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स और तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं बिलासपुर अकादमी से 21 खिलाड़ियों ने चयन सूची में स्थान बनाया है, जिनमें सर्वाधिक खिलाड़ी आवासीय हॉकी अकादमी से हैं। इसके अलावा तीरंदाजी और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।
खेल एवं युवा कल्याण संचालक तनुजा सलाम ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की तैयारी के लिए 27 जनवरी 2026 से रायपुर, बिलासपुर और नारायणपुर में विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के दौरान खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, निःशुल्क भोजन, आवास और उच्च गुणवत्ता के खेल उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।