गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन और भी आक्रामक हो गया है। आज शोभा थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में जवानों ने 8 लाख रुपये के इनामी और डीवीसीएम स्तर के नक्सली आयतु उर्फ योगेश कोरसा को ढेर कर दिया। वह बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र का रहने वाला था।
जवानों ने मोर्चा संभालते हुए की जवाबी कार्रवाई
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला। भारी दबाव के चलते अन्य नक्सली मौके से फरार हो गए। पूरे क्षेत्र में अब सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है और जवान अलर्ट मोड में हैं।
नक्सल संगठन को फिर से खड़ा करने की थी कोशिश
चार महीने पहले इसी इलाके में हुई बड़ी मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए थे, जिससे नुआपड़ा डिवीजन कमेटी पूरी तरह से बिखर गई थी। नक्सली इसे दोबारा खड़ा करने के लिए बस्तर से टीम भेज रहे थे और बदला लेने की फिराक में थे। इसी इनपुट पर संयुक्त टीम को ऑपरेशन पर भेजा गया।
भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों को एसएलआर हथियार, 12 बोर बंदूक की गोलियां, मैगजीन, जीबीएल, आईईडी, दवाइयां और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्रियां बरामद हुई हैं।
नक्सल विरोधी अभियान को मिली बड़ी सफलता
इस ऑपरेशन को सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। मारा गया नक्सली संगठन के उच्च स्तर पर सक्रिय था और लंबे समय से क्षेत्र में गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। अब सुरक्षाबल इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
