बेमेतरा में बनेगी 200 क्षमता वाली ओपन जेल, बंदियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण और रोजगार का अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बेमेतरा जिले के ग्राम पथर्रा में नई ओपन जेल (खुली जेल) की स्थापना को मंजूरी दे दी है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के अनुमोदन के बाद जेल विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।

करीब 10.20 हेक्टेयर भूमि पर बनी इस खुली जेल में 200 बंदियों के रहने की व्यवस्था होगी। यहां बंदियों को सीमित निगरानी में रखा जाएगा और उन्हें गौशाला, डेयरी, खेती, काष्ठ कला, सिलाई, स्क्रीन प्रिंटिंग, एलईडी निर्माण, मुर्गी पालन तथा अन्य कुटीर उद्योगों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

डीजी जेल हिमांशु गुप्ता ने बताया कि खुली जेल का उद्देश्य बंदियों का पुनर्वास, सामाजिक समावेशन और कौशल विकास है। शुरुआत में अच्छे आचरण वाले और आजीवन कारावास की सजा में 11 वर्ष या उससे अधिक समय पूरा कर चुके पात्र बंदियों को यहां रखा जाएगा।

रिहाई के बाद स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए बंदियों को कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा इंडियन ओवरसीज बैंक के सहयोग से ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

You May Also Like

More From Author